September Bank Strike 2026 : वित्त मंत्रालय ने बताया है कि 27 सितंबर 2026, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने भी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को उस दिन चालू रखने की मंजूरी दी है। इसके पीछे बड़ी वजह 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने इस हड़ताल का आह्वान किया है। 26 सितंबर चौथा शनिवार और 27 सितंबर रविवार होने के कारण अगर रविवार को बैंक नहीं खुलते, तो ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक शाखा से जुड़ा काम करने में परेशानी हो सकती थी।
बैंक कर्मचारियों की क्या मांग है
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह शामिल है। यानी शनिवार और रविवार दोनों दिन छुट्टी रखने की मांग की जा रही है। पेंशन से जुड़ी कुछ मांगें भी यूनियनों के एजेंडे में हैं। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील की गई है।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए
अगर आपका बैंक का कोई जरूरी काम है, जैसे शाखा में जाकर दस्तावेज जमा करना, नकद लेनदेन या ऐसा काम जो ऑनलाइन नहीं हो सकता, तो 27 सितंबर को बैंक जाने का मौका मिलेगा। एसबीआई समेत कुछ बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी लेनदेन पहले पूरा करने और एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इसे भी पढ़ें : iPhone 17 Pro पर बड़ा प्राइस ड्रॉप, लेकिन ऑफर में है एक ट्विस्ट
ध्यान रहे कि यह फैसला सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के लिए है। निजी बैंकों की स्थिति अलग हो सकती है। साथ ही 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है।