September Bank Strike 2026 : 27 सितंबर 2026 को रविवार होने के बावजूद देश के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं खोलने का फैसला किया गया है। यह व्यवस्था 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए की गई है। हालांकि, एक बैंक अधिकारी संगठन ने कर्मचारियों से रविवार को ड्यूटी पर नहीं आने की अपील की है। ऐसे में शाखाओं में सेवाओं की वास्तविक स्थिति कर्मचारियों की उपलब्धता पर निर्भर कर सकती है।
हड़ताल से पहले बैंक खोलने का फैसला
केंद्र सरकार ने 21 सितंबर को वित्त मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, भारतीय बैंक संघ और नाबार्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया। दरअसल, 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां और इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल है। लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने से ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए रविवार को कामकाज रखने की तैयारी की गई है।

RBI ने भी दी बैंक खोलने मंजूरी
27 सितंबर को केवल बैंक शाखाएं ही नहीं, बल्कि बैंक कार्यालय, एटीएम से जुड़े कार्यालय और करेंसी चेस्ट भी खोले जा सकेंगे। इसका उद्देश्य हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग कामकाज को पूरा करना और नकदी तथा अन्य सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखना है। हालांकि, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से रविवार को काम पर नहीं आने की अपील की है। संगठन ने 27 सितंबर को अवकाश का दिन बताते हुए अपना पक्ष रखा है।
ये भी पढ़ें : Kanpur से White House तक... आखिर कौन है वो भारतीय, जिसकी चर्चा Trump-Xi Jinping की बैठक में हुई?
तीन दिन की हड़ताल क्यों प्रस्तावित
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और अन्य बैंक संगठनों ने 28 से 30 सितंबर तक राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके अलावा पेंशन से जुड़े बदलाव, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशन योजनाओं से संबंधित मुद्दे भी मांगों में शामिल हैं। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिवसीय बैंक हड़ताल हुई थी।
ग्राहकों के लिए क्या रहेगा विकल्प
27 सितंबर को शाखाओं में कामकाज की स्थिति हर जगह एक जैसी रहे, यह जरूरी नहीं है। इसलिए जरूरी शाखा संबंधी काम वाले ग्राहक संभव हो तो पहले ही निपटा सकते हैं। एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। हालांकि, किसी बैंक की स्थानीय शाखा पर कर्मचारियों की उपस्थिति और बैंक के संचालन संबंधी व्यवस्था के अनुसार सेवाओं में अंतर हो सकता है।