Sunday Bank Opening : तीन दिन की प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। वित्त मंत्रालय ने 27 सितंबर 2026, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य दिनों की तरह खोलने का निर्देश दिया है। सरकार का कहना है कि ग्राहकों को लंबी असुविधा से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है।
An Important Update!
— Punjab National Bank (@pnbindia) September 23, 2026
All PNB branches will remain open on Sunday, 27 September 2026, for the convenience of customers.@RBI @DFS_India @FinMinIndia #PNB #PunjabNationalBank #BankingUpdate #CustomerConvenience #BankingServices pic.twitter.com/sLrOVkcXOj
क्यों पड़ी यह जरूरत?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी थी। ऐसे में बैंक लगातार 5 दिन तक प्रभावित हो सकते थे। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का फैसला किया।
हड़ताल टालने की कोशिश नहीं हुई सफल
मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर की मौजूदगी में हुई सुलह बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद बैंक यूनियनों ने हड़ताल के अपने फैसले पर कायम रहने का ऐलान किया। सरकार और बैंक प्रबंधन की अपील के बावजूद यूनियनें 28, 29 और 30 सितंबर की हड़ताल को लेकर पीछे नहीं हटी हैं।
ये भी पढ़ें : 5 दिन बैंक बंद रहेंगे या सेवाएं चलती रहेंगी? हड़ताल को लेकर सामने आई पूरी तस्वीर
क्या-क्या सेवाएं रहेंगी चालू?
वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद रविवार को बैंक शाखाओं के साथ-साथ कार्यालय, करेंसी चेस्ट और एटीएम से जुड़ी शाखाएं भी सामान्य रूप से काम करेंगी। इससे ग्राहकों को नकदी निकासी, जमा, चेक क्लियरेंस और अन्य शाखा आधारित सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
RBI ने भी दी मंजूरी
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भी इस विशेष व्यवस्था को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के अनुसार ग्राहक सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बैंकिंग सेवाएं न्यूनतम बाधा के साथ जारी रहें। रविवार को बैंक खुलने से लोग हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी काम निपटा सकेंगे।
ग्राहकों के लिए क्या सलाह?
यदि आपको बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी काम करना है तो 27 सितंबर का दिन महत्वपूर्ण हो सकता है। हड़ताल के दौरान डिजिटल सेवाएं, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और अधिकांश एटीएम सेवाएं जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन शाखा आधारित काम प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा कर लें।