Projects worth Rs 1734 crore: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को फतेहपुर कस्बे में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह में 1734 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाराबंकी को अब उद्योग नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता को बेहतर सुविधाएं देने का हर संभव प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने सरदार पटेल का नहीं किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी लौह पुरुष सरदार पटेल को उनका उचित सम्मान नहीं दिया। आजादी के समय जब 15 राज्यों ने पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा, तब भी कांग्रेस ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने से रोक दिया। योगी ने कहा कि अगर उस समय पटेल की बात मानी जाती, तो भारत का विभाजन नहीं होता। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 563 रियासतों को एकजुट कर भारत को अखंड बनाए रखा।
आंबेडकर को नमन कर की कार्यक्रम की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने आगमन के बाद सबसे पहले हेलीपैड के पास स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। समारोह में हजारों की भीड़ उमड़ी रही, वहीं प्रशासन ने चार किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। इस अवसर पर मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय और जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य समेत कई नेता मौजूद रहे।
जनपद बाराबंकी में ₹1,734 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास एवं अन्य लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक/प्रमाण-पत्र के वितरण हेतु आयोजित कार्यक्रम में... https://t.co/24KPrWFmKi
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 11, 2025