थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां पड़ोस के ही एक युवक ने 15 वर्षीय किशोरी को बंधक बनाकर चाकू के बल पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर किशोरी और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घर से गांव के बाहर कूड़ा डालने गई थी
दर्ज मुकदमे में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी बृहस्पतिवार को घर से गांव के बाहर कूड़ा डालने गई थी। रास्ते में घात लगाए बैठे पड़ोसी युवक अमन कुमार ने उसे जबरन रोक लिया। आरोप है कि युवक ने किशोरी की गर्दन पर चाकू रख दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे खींचकर पास के एक खेत में ले गया।
किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म
खेत में ले जाकर आरोपी अमन ने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे व उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकला। बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं
सीओ दौराला, शिव प्रताप सिंह ठाकुर का कहना है कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी अमन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा