उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली कस्बे में इन दिनों रात में उड़ते ड्रोन को लेकर डर और अफवाहों का माहौल बना हुआ है. इसी डर का शिकार एक निर्दोष युवक बन गया जो रात में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था. लोगों ने उसे ड्रोन चोर समझ लिया और बुरी तरह पीट डाला.
क्या हुआ था उस रात?
मंगलवार की रात करीब दो बजे, एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के बुलावे पर चुपचाप मोहल्ले में दाखिल हुआ. लेकिन इलाके में ड्रोन चोरों की अफवाह पहले से ही फैली हुई थी, इसलिए लोग पहले से सतर्क थे. जब कुछ लोगों ने युवक को छिपते-छुपाते घूमते देखा, तो बिना कुछ पूछे उसे पकड़ लिया और शोर मचाने लगे कि "ड्रोन चोर पकड़ा गया!"
लाठी-डंडों से हमला, युवक की हालत बिगड़ी
भीड़ ने युवक को चारों तरफ से घेर लिया. किसी ने लाठी उठाई तो किसी ने डंडा. युवक हाथ जोड़कर बार-बार कहता रहा कि वह चोर नहीं, बल्कि अपनी प्रेमिका से मिलने आया था लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी. भीड़ ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. जब मामला ज्यादा बढ़ गया तो किसी ने पुलिस को फोन कर दिया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान
पुलिस ने बड़ी मुश्किल से युवक को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले गई. वहां पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह मोहल्ले में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने आया था. लड़की के घर वालों और युवक की बात सुनकर पुलिस ने मामले को शांत कराया.
दो घंटे चला हंगामा
इस पूरे घटनाक्रम में करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा. कोतवाली प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई. युवक को पुलिस ने छोड़ दिया है.
ड्रोन की अफवाहों से लोग डरे हुए
सिरौली और आसपास के इलाकों में इन दिनों रात में ड्रोन उड़ने की अफवाहें फैली हुई हैं. हर रात लोग किसी की छत या गली में हलचल देख लेते हैं और उसे चोर समझकर शोर मचाने लगते हैं. पुलिस ने बताया कि अब तक ड्रोन से चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण डर का माहौल है.
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो सीधे पुलिस को सूचना दें कानून को अपने हाथ में न लें. फिलहाल अब इलाके में रात की गश्त बढ़ा दी गई है.