बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के कोहड़ापीर इलाके में मंगलवार सुबह बड़ा बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ। ‘सीएम ग्रेड योजना’ के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 100 दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर तीन बुलडोजर लगाए गए और नगर निगम की टीम ने लगातार तोड़फोड़ जारी रखी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान शहर को व्यवस्थित और यातायात सुगम बनाने के लिए चलाया जा रहा है, लेकिन इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुकानदारों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकानें कई साल पुरानी हैं और इन्हीं से उनका परिवार चलता है। उनका आरोप है कि पहले नगर निगम ने लाल निशान सिर्फ सीमित हिस्से पर लगाए थे, लेकिन अब बुलडोजर उससे आगे तक चला दिया गया। दुकानदारों का कहना है कि अगर पूरी दुकान हटा दी गई तो उनका रोजगार खत्म हो जाएगा। कई लोग मौके पर विरोध करते नजर आए, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली और कार्रवाई जारी रही।
मस्जिद का हिस्सा भी गिराया गया
इस अभियान के दौरान एक मस्जिद के आगे का हिस्सा भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आ गया। प्रशासन ने उस हिस्से को भी अतिक्रमण बताते हुए हटाया, जिससे इलाके में माहौल और संवेदनशील हो गया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जो भी निर्माण सड़क की सीमा में आ रहा है, उसे हटाना जरूरी है, चाहे वह किसी भी प्रकार का ढांचा क्यों न हो। इस फैसले को लेकर स्थानीय स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
इसे भी पढ़ें : Ishan Kishan की कप्तानी का जलवा, क्लासेन हुए मुरीद, वर्ल्ड कप तक पहुंची चर्चा
भारी पुलिस बल की तैनाती
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी तरह के विरोध या तनाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। नगर निगम और परिवर्तन दल के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कई जगहों पर नाराजगी भी देखने को मिली। लोग अपने नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए और प्रशासन से राहत की मांग करते रहे।
प्रशासन ने बताया नियमों के तहत कार्रवाई
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था। सहायक अभियंता मुकेश शाक्य के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की जा रही है और जिन लोगों ने पहले चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है। साथ ही यह भी बताया गया कि बुलडोजर कार्रवाई का खर्च भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा।