Rohit Yadav : भारत अंडर-19 टीम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली वनडे और मल्टी-डे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने टीम में बदलाव करते हुए रोहित यादव को स्क्वॉड से बाहर कर दिया है। बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उम्र से जुड़ी गड़बड़ी सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है।
उम्र में मिली गड़बड़ी, जांच में हुआ खुलासा
रोहित यादव पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में चुने गए थे। लेकिन बाद में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल की जांच में उनकी उम्र से जुड़े दस्तावेजों में गंभीर अंतर पाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी उम्र में करीब 27 महीने का अंतर सामने आया और जन्म वर्ष में कई बार बदलाव किए जाने की बात भी सामने आई।
BCCI ने तुरंत लिया एक्शन
मामले के सामने आते ही बीसीसीआई ने रोहित यादव को टीम से बाहर करने का फैसला लिया। बोर्ड ने साफ कहा कि उम्र संबंधी नियमों का पालन करना जरूरी है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रोहित हाल ही में भारत अंडर-19 टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे।
इन खिलाड़ियों को मिला मौका
रोहित यादव की जगह वनडे टीम में सौराष्ट्र के आर्यन सवसानी को शामिल किया गया है। वहीं मल्टी-डे टीम में हरियाणा के तन्मय बलोदा को मौका मिला है। जूनियर क्रिकेट समिति ने दोनों खिलाड़ियों के नाम पर मुहर लगाई है और संशोधित टीम की घोषणा कर दी गई है।
कब शुरू होगी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज?
भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 18 सितंबर से शुरू होगी। पहला मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा वनडे 21 और 23 सितंबर को होंगे। तीनों मैच निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : इंग्लैंड दौरे के बीच पाकिस्तान टीम में हलचल, PCB ने शुरू की अनुशासन जांच
मल्टी-डे सीरीज का भी ऐलान
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 27 सितंबर से राजकोट में शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 5 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज को भविष्य के युवा सितारों के लिए बड़ा मंच माना जा रहा है, ऐसे में चयन और नियमों को लेकर बोर्ड किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहता।