इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बुलाई गई बीसीसीआई की अहम रिव्यू मीटिंग फिलहाल टाल दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की तबीयत खराब होने के कारण यह बैठक तय समय पर आयोजित नहीं हो सकी। अब जल्द नई तारीख तय की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्य कोच गौतम गंभीर वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते हैं और टीम के हालिया प्रदर्शन के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
विदेशी दौरे पर उम्मीदों से पीछे रही टीम इंडिया
हालिया आयरलैंड और इंग्लैंड दौरा भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रहा। भारत ने दोनों दौरों पर कुल 10 मुकाबले खेले, लेकिन सिर्फ 2 मैच जीत सका। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में टीम को 2-0 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भी पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-1 से गंवानी पड़ी, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। वहीं वनडे सीरीज में भी शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम 2-1 से हार गई।
बल्लेबाजी और रणनीति पर उठेंगे सवाल
रिव्यू मीटिंग में विदेशी परिस्थितियों में बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। कई पूर्व क्रिकेटरों ने माना है कि लगातार सपाट पिचों पर खेलने की वजह से बल्लेबाज मुश्किल हालात के लिए खुद को तैयार नहीं कर पाए। मुख्य कोच गौतम गंभीर भी पहले कह चुके हैं कि खिलाड़ियों को पिच के साथ-साथ मौसम, हवा की दिशा और मैदान की परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझने की जरूरत है।
इंजरी संकट भी रहेगा बड़ा मुद्दा
बैठक में टीम के बढ़ते इंजरी संकट पर भी चर्चा होगी। जसप्रीत बुमराह पहले ही श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा साई सुदर्शन, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश रेड्डी भी चोट से उबर रहे हैं। लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने के बाद टीम के मेडिकल और फिटनेस प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर भी इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
इसे भी पढ़ें : भावुक हुए Satish Mahana, बोले- क्या मैं इस कुर्सी के लायक हूं? विधानसभा में भाषा की मर्यादा रखने की अपील
नई तारीख का इंतजार
बीसीसीआई अब जल्द इस रिव्यू मीटिंग की नई तारीख तय करेगा। माना जा रहा है कि बैठक में विदेशी दौरों के प्रदर्शन, टीम चयन, रणनीति, खिलाड़ियों की फिटनेस और मेडिकल सिस्टम सहित कई अहम मुद्दों पर फैसले लिए जा सकते हैं। इन चर्चाओं का असर भारत की आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और टीम की भविष्य की तैयारियों पर भी देखने को मिल सकता है।