
महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के भड़रा गांव में शारदीय नवरात्रि के दौरान हवन पूजन के समय मधुमक्खियों के झुंड ने एक ही परिवार के लगभग 10 सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना खेत में स्थित पुराने पूजनीय स्थान पर हुई, जहां हर वर्ष कथा का आयोजन किया जाता है। अखिलेश ने बताया कि कथा संपन्न होने के बाद हवन पूजन किया जा रहा था। हवन के दौरान उठते धुएं से पास के पेड़ में लगे मधुमक्खी के छत्ते में मधुमक्खियां भड़क गईं और अचानक हमलावर हो गईं।
छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही
मधुमक्खियों के हमले से सभी लोगों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लगभग 10 लोग उनके काटने से घायल हो गए। इनमें छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों में अखिलेश की 19 वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा, 65 वर्षीय वृद्ध मालती पत्नी संतोष कुमार, 15 वर्षीय किशोरी आर्या पुत्री मिथलेश कुमार, 27 वर्षीय कुलदीप पुत्र रामसुखलाल और 19 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र पहलवान शामिल हैं।
इमरजेंसी वार्ड में इलाज शुरू किया गया
घायलों को परिजनों की ओर से तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को भर्ती कर इमरजेंसी वार्ड में इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज प्राथमिक देखभाल के साथ जारी है। पड़ोसी और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। हवन पूजन के समय मधुमक्खियों के झुंड के अचानक हमले ने पूरे परिवार और गांव में दहशत फैला दी। प्रशासन ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए हवन या किसी धार्मिक अनुष्ठान के दौरान आसपास मधुमक्खियों के छत्तों को देखकर सावधानी बरतें।