Pink Upma : अगर रोज के पोहे और साधारण उपमे से मन भर गया है, तो इस बार चुकंदर वाला गुलाबी उपमा ट्राई कर सकते हैं. चुकंदर की वजह से उपमे को खूबसूरत गुलाबी रंग मिलता है और इसका स्वाद भी हल्का अलग हो जाता है। उपमा वैसे भी जल्दी तैयार होने वाला नाश्ता है.
छाछ से आएगा खास स्वाद
इस रेसिपी की खास बात इसमें इस्तेमाल होने वाली छाछ है. छाछ डालने से उपमे में हल्का खट्टापन और क्रीमी स्वाद आता है, जिससे साधारण उपमा ज्यादा स्वादिष्ट लग सकता है। चाहें तो इसमें थोड़ी हरी मिर्च और अदरक भी डाल सकते हैं.
सामग्री
1 कप सूजी, 1 छोटा चुकंदर, करीब आधा कप छाछ, 1 प्याज, 1 हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, 1 चम्मच राई, कुछ करी पत्ते, 1-2 चम्मच तेल, नमक और पानी लें। स्वाद के अनुसार हरा धनिया भी डाल सकते हैं.
ऐसे बनाएं गुलाबी उपमा
सबसे पहले चुकंदर को छीलकर बारीक कद्दूकस कर लें. कड़ाही में सूजी को धीमी आंच पर हल्का भूनकर अलग रख दें। अब तेल गर्म करके राई, करी पत्ता, अदरक, हरी मिर्च और प्याज डालें। प्याज हल्का नरम होने पर चुकंदर डालकर कुछ मिनट पकाएं.
इसके बाद पानी और नमक डालकर उबाल आने दें। भुनी हुई सूजी धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाएं, ताकि गांठ न बने। उपमा गाढ़ा होने लगे तो आंच धीमी कर दें और छाछ डालकर अच्छी तरह मिलाएं। दो-तीन मिनट पकाने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालें.
गर्मागर्म करें सर्व
तैयार गुलाबी उपमा नारियल चटनी या हरी चटनी के साथ परोसें। रंग, स्वाद और आसान बनाने की वजह से यह नाश्ता बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकता है.