.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Ddfce9bd5-c6e4-484a-89e7-5ae590ac5491&w=3840&q=75)
Delhi NCR Heavy Traffic: रक्षा बंधन से पहले दिल्ली और नोएडा के रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम ने लोगों की रफ्तार थाम दी। दिल्ली-मुरादाबाद एक्सप्रेस-वे पर सराय काले खां से डासना तक वाहन रेंगते हुए नजर आए। नोएडा में फिल्म सिटी फ्लाईओवर के नीचे, कस्बा कासना तिराहा और किसान चौक मार्ग समेत कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए यातायात सुचारू कराने की कोशिशें तेज कीं। यातायात पुलिस का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर टीम लगातार मौजूद है और जाम कम करने के लिए रूट मैनेजमेंट किया जा रहा है।
प्रमुख मार्गों पर रफ्तार थमी
नोएडा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, किसान चौक, IFS गोलचक्कर, सफीपुर कट और सूरजपुर तिराहा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा है। वहीं, नोएडा से दिल्ली जाने वाले कालिंदी कुंज रूट पर भी गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। ग्रेटर नोएडा में कंटेनर डिपो से पहले भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई, जिससे यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। कई जगहों पर लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी परेशानियां साझा कीं और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाए।
यह भी पढ़ेंःUttarkashi Cloudburst Update: उत्तरकाशी में बादल फटने से मची तबाही, तेज बारिश से हेली रेस्क्यू ऑपरेशन रोका
पुलिस की अपील और लोगों की परेशानी
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि एसजेएम हॉस्पिटल तिराहा मार्ग पर भीड़ ज्यादा है, लेकिन यातायात सुचारू करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लगातार हो रहे ट्रैफिक दबाव के कारण यात्रियों को देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और अनावश्यक यात्रा से बचें, ताकि जाम की समस्या को कुछ हद तक कम किया जा सके।