
अगर आपकी सेहत पूरी तरह से ठीक हो ना तो कोई दर्द या बीमारी हो और अचानक एक सुबह अचानक आपका शरीर सुन्न पड़ जाए तो आप क्या करेंगे. कई लोगों के लिए तो ऐसी बात सोच सकना भी दुर्लभ होता है. मगर स्कॉटलैंड की एक महिला के साथ ऐसी घटना घटी है. स्कॉटलैंड की रहने वाली 30 साल की करीना व्हाइट ने उस डरावने पल के बारे में बताया, जब बेटी के जन्म के कुछ ही दिन बाद चाय पीते हुए अचानक उनका चेहरा सुन्न पड़ गया.
करीना को बेल्स पाल्सी नाम की बीमारी- डॉक्टर
रिपोर्ट की मानें तो 8 अगस्त को उन्होंने बेटी मैकेंजी व्हाइट को जन्म दिया था, लेकिन जन्म के 10 दिन बाद ही जब उन्होंने चाय का एक कप पिया, तो उनके होंठ सुन्न होने लग गए और चेहरे का बायां हिस्सा अचानक लटकने लगा. उस वक्त करीना को लगा कि शायद उन्हें एलर्जी या स्ट्रोक हो गया होगा, लेकिन अस्पताल में जांच के बाद दोनों संभावनाएं खारिज कर दी गईं. डॉक्टरों का कहना था कि करीना को बेल्स पाल्सी नाम की बीमारी है. यह एक ऐसी स्थिति होती है, जिसमें चेहरे के एक हिस्से की नसें कमजोर हो जाती हैं और व्यक्ति उस हिस्से को हिला तक नहीं पाता है. इसके इलाज के तौर पर करीना को 5 दिन तक स्टेरॉयड दिए गए.
पलकें बंद करना तक हो गया था मुश्किल- करीना
करीना ने आगे बताया कि इस बीमारी की वजह से उन्हें मुंह से पानी गिरने से रोकने के लिए होंठों को कसकर बंद रखना पड़ता है. यही नहीं सोते समय उन्हें अपनी बाईं आंख पर टेप लगाना पड़ता है, क्योंकि उनकी पलकों का बंद होना भी मुश्किल हो गया है. करीना का कहना है कि “मुझे पहले से ही आत्मविश्वास की समस्या थी, और बच्चे के जन्म के बाद अपने शरीर से फिर से प्यार करना सीख रही थी लेकिन अब चेहरा आधा लकवाग्रस्त होने से मैं पूरी तरह टूट गई.”
टिकटॉक पर करीना ने अपना अनुभव किया साझा
करीना बताती हैं कि ये सब तब हुआ जब वह बेटी को दूध पिला रही थीं. उन्होंने कहा कि “चाय पीने के कुछ मिनटों बाद मेरे होंठों के किनारे सुन्न होने लग गए थे. यही नहीं करीब एक घंटे के भीतर ही मेरा चेहरा लटक गया. मुझे लगा कि मुझे स्ट्रोक आ गया है.” बाद में उन्होंने टिकटॉक पर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि शुरुआती दो हफ्तों तक उन्हें तेज़ दर्द और बोलने में परेशानी होती रही.
इसे भी पढ़ें : कैसे बढ़ेगी Donald Trump की परेशानी, China की हवाई ताकत से कौन बेचैन, सबकुछ एक क्लिक में जान लें ?
फिलहाल हालत पहले से बेहतर- करीना
अब करीना कहती हैं कि फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर है. उन्होंने बताया कि “अब मैं बिना पानी गिराए पी सकती हूं और खाने में थोड़ी सुविधा हो गई है. मेरे बाएं होंठ में थोड़ी हलचल आने लगी है.” हालांकि अब भी उनकी आंखों में जलन और सूखापन रहता है, जिसके लिए वे आई ड्रॉप्स और रात में पट्टी का इस्तेमाल करती हैं.
जागरूकता फैलाने की कोशिश में लगीं करीना
करीना का कहना है कि डॉक्टरों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगी लेकिन अब भी उनके मन में एक डर बना हुआ है. फिर भी, वह दृढ़ हैं और इस अनुभव को साझा कर अन्य लोगों को आशा और जागरूकता देना चाहती हैं. करीना का लोगों के लिए संदेश है कि “यह डरावना है, लेकिन इससे उबरना संभव है, अगर आप हिम्मत नहीं हारें तो.”