बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 32 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे और बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल लग रहा था। ऐसे समय बेन करन ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 135 गेंदों में नाबाद 111 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक भी है, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
साझेदारियों से बदली मैच की तस्वीर
शुरुआती झटकों के बाद बेन करन ने पहले वेस्ली मढेवेरे के साथ अहम साझेदारी की और फिर कप्तान सिकंदर रजा के साथ पारी को संभाला। जब 37वें ओवर में क्लाइव मदांडे आउट हुए, तब टीम 148 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद भी बेन करन आखिर तक टिके रहे और जिम्बाब्वे का स्कोर 247/6 तक पहुंचा दिया। उनकी इस संयमित पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया।
13 रन से जीतकर सीरीज पर किया कब्जा
248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम लगातार दबाव में दिखाई दी। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए और पूरी टीम 234 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे ने मुकाबला 13 रन से जीत लिया और वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली। शानदार शतकीय पारी खेलने वाले बेन करन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंग्लैंड से नहीं मिला मौका, जिम्बाब्वे ने दिया मंच
7 जून 1996 को इंग्लैंड के नॉर्थैंप्टन में जन्मे बेन करन, इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर सैम करन और टॉम करन के छोटे भाई हैं। उन्होंने इंग्लैंड की घरेलू टीम नॉर्थैंप्टनशायर के लिए क्रिकेट खेला, लेकिन 2022 सीजन के बाद क्लब ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के देश जिम्बाब्वे के लिए खेलने का फैसला किया। उनके पिता केविन करन भी जिम्बाब्वे के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : इंग्लैंड दौरे पर खुली Vaibhav की सबसे बड़ी कमजोरी, क्या आगे सुधार पाएंगे ?
वनडे करियर की शानदार शुरुआत
जिम्बाब्वे के लिए बेन करन का वनडे करियर अब तक शानदार रहा है। उन्होंने सिर्फ 10 मैचों में 469 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 58.63 का है। खास बात यह है कि इतने रन बनाने के बावजूद उन्होंने अभी तक वनडे क्रिकेट में एक भी छक्का नहीं लगाया है। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद बेन करन अब जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाने लगे हैं।