पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पहुंचे बीजेपी नेताओं के दल पर हमला हुआ है। इस हमले में मालदा उत्तर से सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब बीजेपी सांसद अपने दल के साथ राहत सामग्री बांट रहे थे। मौके पर मौजूद विधायक शंकर घोष ने दावा किया कि उन पर भी हमला हुआ और उनके कार्यकर्ताओं को दौड़ाकर पीटा गया।
राहत कार्य के दौरान हुई झड़प
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल उत्तर बंगाल के नागराकाटा इलाके में बाढ़ से प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने गया था। तभी कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमले में सांसद खगेन मुर्मू के सिर में गंभीर चोट आई। बीजेपी नेताओं का कहना है कि हमलावरों ने जानबूझकर राहत कार्य में बाधा डाली और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया।
पार्टी ने TMC कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
हमले के बाद बीजेपी ने इस घटना के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार बताया है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि बंगाल में विपक्षी नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं और प्रशासन मौन है। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और इलाके में कानून-व्यवस्था बहाल की जाए।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। बीजेपी नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है, जबकि स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।