
Bengal Violence: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नागरकाटा में रविवार को बड़ा बवाल हो गया जब बाढ़ राहत कार्य में जुटे बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू और सिलीगुड़ी के विधायक डॉ. शंकर घोष पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। सांसद मुर्मू बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे और पीड़ितों को राहत सामग्री बांट रहे थे, तभी अचानक भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें सांसद के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि विधायक घोष को भी हल्की चोटें आईं। दोनों नेताओं को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति इतनी तेजी से बिगड़ी कि मौके पर भगदड़ मच गई।
हमले से गरमाई राजनीति
इस घटना के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने इसे सत्तारूढ़ टीएमसी की “संरक्षित हिंसा” बताया है, जबकि स्थानीय प्रशासन का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल बाढ़ राहत वितरण के लिए पहुंचा था, लेकिन कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन के बीच हमला कर दिया। इस घटना को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता जल्द राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं।
यह भी देखेंःBihar Assembly Election 2025: 6 और 11 नवंबर को वोटिंग, 14 नवंबर को आएगा रिजल्ट
बाढ़ और भूस्खलन से बिगड़े हालात
बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से हालात बेकाबू हो गए हैं। कई क्षेत्रों में सड़कें टूट गई हैं और बिजली-संचार सेवाएं बाधित हैं। मिरिक-सुखियापोखरी मार्ग पूरी तरह बंद है, जिससे हजारों पर्यटक फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की पूरी व्यवस्था कर रही है और लोगों से घबराने के बजाय सहयोग करने की अपील की है।