PM Modis big message: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में बदलाव की हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में आरजेडी के जंगलराज को रोका गया, उसी तरह अब पश्चिम बंगाल में भी टीएमसी के “महाजंगलराज” को खत्म करने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने दावा किया कि बंगाल की जनता 15 साल के शासन से त्रस्त हो चुकी है और अब असली परिवर्तन चाहती है।
टीएमसी पर विकास रोकने का आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचने नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी से राजनीतिक विरोध की वजह से टीएमसी आम जनता, किसानों और युवाओं के हितों को नुकसान पहुंचा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि योजनाओं को रोककर टीएमसी बंगाल के लोगों से दुश्मनी निकाल रही है।
नौजवानों और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा
पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी सरकार बंगाल के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएमश्री स्कूल जैसी योजनाओं को लागू नहीं किया जा रहा, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि जो सरकार बच्चों का भविष्य खराब करे, क्या उसे सत्ता में बने रहना चाहिए।
यह भी देखेंःManikarnika Ghat controversy: णिकर्णिका घाट विवाद, FIR पर भड़के संजय सिंह बोले– डराने से नहीं झुकूंगा
डबल इंजन सरकार की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां-जहां बीजेपी की डबल इंजन सरकार है, वहां विकास तेजी से हुआ है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में सरकार बदलते ही गरीबों को मुफ्त इलाज मिलना शुरू हुआ। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि बंगाल में भी बीजेपी सरकार बनने पर आयुष्मान योजना लागू होगी।
घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर हमला
पीएम मोदी ने टीएमसी पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक कानून-व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, तब तक उद्योग और निवेश नहीं आएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को समर्थन दें, ताकि हिंसा, माफियावाद और घुसपैठ पर लगाम लगाई जा सके।