देश में तेज रफ्तार रेल नेटवर्क के विस्तार के बीच रेल मंत्रालय ने बेंगलुरु से गोवा के बीच कोस्टल वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। यह ट्रेन बेंगलुरु के यशवंतपुर स्टेशन से गोवा के मडगांव स्टेशन तक लगभग 13 घंटे में यात्रा पूरी करेगी। प्रस्ताव के मुताबिक ट्रेन सुबह 6:05 बजे यशवंतपुर से रवाना होकर शाम 7:15 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह सुबह 5:30 बजे मडगांव से चलेगी और शाम 6:40 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। यह सेवा तटीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
मंगलुरु मार्ग से चलेगी ट्रेन
प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन मंगलुरु रेल मंडल के मार्ग से संचालित होगी, लेकिन यात्रा समय कम रखने के लिए यह मंगलुरु जंक्शन और मंगलुरु सेंट्रल स्टेशनों पर ठहराव नहीं करेगी। इसे पदिल बायपास रूट से चलाने की योजना है। दक्षिण पश्चिम रेलवे का मानना है कि इस फैसले से कुल यात्रा अवधि घटेगी और संचालन अधिक कुशल बनेगा।
ये भी पढ़ें : Tariff पर Trump का दांव पलटा, भारत सतर्क! , बोला—हालात पर रखी जा रही है पैनी नजर
रफ्तार बढ़ाने की तैयारी
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने कुछ रेल खंडों में अधिकतम गति सीमा बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा है। चिक्कबनावरा से हासन सेक्शन में स्पीड 110 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा करने की योजना है। वहीं सकलेशपुर–सुब्रह्मण्य रोड घाट सेक्शन में गति 30 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 40 किमी प्रति घंटा करने पर विचार चल रहा है। यदि ये बदलाव लागू होते हैं तो यात्रा समय में और कमी आ सकती है।
गुजरात-राजस्थान को मिली नई वंदे भारत सेवा
इस बीच 16 फरवरी को असरवा और उदयपुर सिटी के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन किया गया। यह सेवा 18 फरवरी से नियमित रूप से चल रही है। ट्रेन संख्या 26964 असरवा से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचती है, जबकि ट्रेन संख्या 26963 सुबह 6:10 बजे उदयपुर सिटी से चलकर 10:25 बजे असरवा पहुंचती है। यह सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस तेज यात्रा
वंदे भारत ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें रिक्लाइनिंग सीटें, स्वचालित दरवाजे, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बायो-टॉयलेट और सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं मिलती हैं। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से इन ट्रेनों का विस्तार लगातार किया जा रहा है। बेंगलुरु–गोवा रूट पर प्रस्तावित यह नई सेवा भी उसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।