Bengaluru road accident: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में शनिवार आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नेलमंगला के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही केएसआरटीसी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार पांच युवकों की जान चली गई, जबकि बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित रहे।
दूसरी लेन में पहुंची
पुलिस के अनुसार कार बेंगलुरु की ओर जा रही थी। अचानक वह डिवाइडर से टकराई और संतुलन बिगड़ने के कारण दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रही Karnataka State Road Transport Corporation (केएसआरटीसी) की बस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर चार की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सभी मृतक 17 से 22 वर्ष की आयु के बताए जा रहे हैं और डोड्डाबल्लापुरा क्षेत्र के निवासी थे।
यह भी देखेंःNaseemuddin Siddiqui join SP: यूपी सियासत में बड़ा फेरबदल, नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई नेता सपा में शामिल
बस यात्री सुरक्षित
हादसे के समय बस में 43 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। प्रशासन ने यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरी बस से रवाना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार का शक
जांच अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि कार तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि ब्लड सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता चल सके कि चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद होगी।