पत्नी ने की पति की बेरहमी से हत्या….मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही पति की नृशंस हत्या कर दी। यह मामला इंदौर के चर्चित राजा हत्याकांड की तरह ही बेहद चौंकाने वाला है। महिला ने रोटी पलटने वाली लोहे की भारी कलछी से पति के सीने पर वार कर उसकी मौके पर ही जान ले ली।
खून से लथपथ हालत में मिला शव
यह दिल दहला देने वाली वारदात बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनढाना की है। पुलिस को सूचना फरियादी कमलेश ने दी, जिसने बताया कि 46 वर्षीय मनवारी मर्सकोले अपने घर में खून से सना हुआ मृत अवस्था में पड़ा है। शिकायत में हत्या का आरोप उसकी पत्नी खुशमा मर्सकोले पर लगाया गया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित किया गया और एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की भी जांच शुरू की।
शराब के कारण होता था घरेलू विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक शराब पीने का आदी था और आए दिन अपनी पत्नी से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद महिला ने गुस्से में आकर पति पर हमला कर दिया।
कुछ घंटों में गिरफ्त में आई आरोपी पत्नी
घटना को अंजाम देने के बाद महिला घर से फरार हो गई थी, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की कलछी को भी जब्त कर लिया गया है।