भोपाल।:देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की दर्शन यात्रा अब मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए और भी सुगम हो रही है। भारतीय रेलवे की सहयोगी संस्था आईआरसीटीसी द्वारा “भारत गौरव पर्यटक ट्रेन” के माध्यम से एक विशेष तीर्थयात्रा सेवा शुरू की जा रही है। यह ट्रेन “दो ज्योतिर्लिंग के साथ दक्षिण दर्शन यात्रा” के तहत रीवा से 21 अगस्त 2025 को रवाना होगी और इटारसी स्टेशन से होते हुए दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों की ओर अग्रसर होगी।
यह यात्रा कुल 11 दिनों और 10 रातों की होगी, जिसमें तीर्थयात्रियों को तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी और श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। ट्रेन रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, बैतूल, नागपुर और सेवाग्राम स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री इसमें सवार हो सकेंगे।
आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा और बजट के अनुसार तीन वर्गों में पैकेज तैयार किया है—
स्लीपर (इकॉनमी) – ₹20,800 प्रति व्यक्ति
3एसी (स्टैंडर्ड) – ₹35,000 प्रति व्यक्ति
2एसी (कम्फर्ट) – ₹46,500 प्रति व्यक्ति
इस यात्रा में रेल यात्रा, ऑनबोर्ड एवं ऑफबोर्ड भोजन, वातानुकूलित बसों से स्थानीय भ्रमण, अच्छे होटलों में ठहराव, टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग और सुरक्षा जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं शामिल रहेंगी। यात्रियों को अत्याधुनिक एलएचबी कोच में यात्रा का अनुभव मिलेगा, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित होंगी।
आईआरसीटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा का लाभ समय पर बुकिंग कर उठाएं। इच्छुक यात्री www.irctctourism.com वेबसाइट या आईआरसीटीसी के किसी अधिकृत एजेंट के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं।