Bharat- Pakistan War : भारत-पाक के बीच तनाव के माहौल को देखते हुए भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. हाल ही में हुई मॉक ड्रिल में पुराने सायरन सिस्टम की असफलता के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. 54 साल पुराने सायरन सिस्टम को अब हटाकर नया, हाईटेक अलर्ट सिस्टम लगाया जाएगा. यह सिस्टम कंट्रोल रूम से सीधे जुड़ा होगा और पूरे शहर को एकसाथ आपातकालीन सूचना दे सकेगा. इसका मकसद किसी भी संकट की स्थिति में नागरिकों को समय रहते सतर्क करना है.
पुराना सायरन सिस्टम मॉक ड्रिल में हुआ फेल
1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान लगाया गया यह सायरन सिस्टम अब तकनीकी रूप से पूरी तरह फेल हो चुका है. हाल ही की मॉक ड्रिल में शहर के कई इलाकों में सायरन की आवाज तक नहीं पहुंची, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया.
नया सिस्टम कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़ा होगा
प्रशासन अब आधुनिक सायरन सिस्टम लगाने की तैयारी में है, जो पूरे शहर में एकसाथ सिग्नल भेज सकेगा. यह सिस्टम स्मार्ट सिटी के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़ा होगा, जिससे अलर्ट तुरंत पहुंच सकेगा.
राजा भोज एयरपोर्ट और शहर में कड़ी सुरक्षा
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से संभावित खतरे को देखते हुए भोपाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. रात 12 बजे के बाद से अलर्ट जारी है और शहर के 30 से ज्यादा पॉइंट्स पर पुलिस बल तैनात किया गया है.