नए साल के साथ टैक्सी सर्विस सेक्टर में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। Ola और Uber की सर्ज प्राइसिंग से परेशान यात्रियों के लिए अब Bharat Taxi एक नया विकल्प बनकर सामने आई है। Bharat Taxi का दावा है कि यहां किराया फिक्स रहेगा, यानी बारिश, पीक टाइम या ट्रैफिक के नाम पर कीमत नहीं बढ़ेगी। यही वजह है कि इसे यात्रियों की जेब पर हल्का और पारदर्शी मॉडल बताया जा रहा है।
Ola-Uber से कितनी सस्ती Bharat Taxi
Bharat Taxi में शुरुआती 4 किलोमीटर के लिए सिर्फ 30 रुपये का फिक्स किराया तय किया गया है। 4 से 12 किलोमीटर तक 23 रुपये प्रति किमी और 12 किलोमीटर से ज्यादा दूरी के लिए 18 रुपये प्रति किमी चार्ज रखा गया है। तुलना करें तो Ola-Uber में यही दूरी पीक टाइम में कई बार दोगुने दाम तक पहुंच जाती है। ऐसे में Bharat Taxi यात्रियों के लिए करीब 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ती साबित हो सकती है, खासकर रोजाना सफर करने वालों के लिए।
ये भी पढ़ें : क्या चांदी भी बनेगी रेयर अर्थ जैसी कीमती धातु? China के नए नियम से भारत-अमेरिका समेत पूरी दुनिया में मचा हड़कंप
ड्राइवरों को मिलेगा पूरा किराया
Bharat Taxi को जीरो-कमीशन प्लेटफॉर्म कहा जा रहा है। यानी ड्राइवरों को Ola-Uber की तरह भारी कमीशन नहीं देना होगा। यात्री जो भी किराया देगा, वह सीधे ड्राइवर की कमाई बनेगा। इसी वजह से ड्राइवरों में भी इस प्लेटफॉर्म को लेकर उत्साह है और अब तक 1.4 लाख से ज्यादा ड्राइवर इसके साथ जुड़ चुके हैं। इससे ड्राइवरों की आय बढ़ने और यात्रियों को बेहतर सर्विस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ऐप बुकिंग और स्मार्ट फीचर्स
Bharat Taxi पूरी तरह ऐप-बेस्ड सर्विस है। यूजर इसे गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप में पिकअप-ड्रॉप लोकेशन डालते ही फिक्स किराया स्क्रीन पर दिख जाता है। कैब के साथ-साथ ऑटो और बाइक की सुविधा भी उपलब्ध है। खास बात यह है कि ऐप में मेट्रो सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे यूजर मेट्रो टिकट तक बुक कर सकते हैं। सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के साथ टाई-अप किया गया है। यही वजह है कि ऐप को अब तक 1 लाख से ज्यादा डाउनलोड और 4.8 से 4.9 की हाई रेटिंग मिल चुकी है।