Bhind Bus Accident:भिंड में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। नेपाल से पुणे जा रही स्लीपर बस हाईवे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद बस का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
ओवरटेक की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह
भिंड के गोहद चौराहा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर बंजारे का पुरा के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडर से लदा ट्रक आगे चल रहे ट्रॉला को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था।इसी दौरान सामने से आ रही नेपाल के पलिया प्रांत से पुणे जा रही स्लीपर बस से ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। अचानक हुए इस हादसे से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर इतनी जोरदार कि ड्राइवर केबिन में फंसा
हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक केबिन में फंस गया था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला।स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
एक यात्री की मौत, कई परिवारों पर टूटा दुख का पहाड़
पुलिस के अनुसार हादसे में एक महिला यात्री की जान चली गई है। मृतक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे में घायल 15 यात्रियों का इलाज जारी है।घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- समय पर मदद नहीं मिलती तो बढ़ सकता था नुकसान
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी रिटायर्ड फौजी नवल सिंह भदौरिया ने बताया कि वह बाइक से बस के पीछे चल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि हादसे के करीब 30 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची।उन्होंने बताया कि आसपास के ग्रामीणों ने ही सबसे पहले मोर्चा संभाला और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
ड्राइवर की समझदारी से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉला चालक ने हादसे से बचने के लिए वाहन को सड़क से नीचे उतार दिया, जिसके बाद ट्रॉला पलट गया। अगर समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं किया जाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।वहीं प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। इससे पहले रायसेन में भी दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत और 27 यात्रियों के घायल होने का मामला सामने आया था।