
भिंड। मध्यप्रदेश में सीएम हेल्पलाइन पर अक्सर बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी शिकायतें दर्ज होती हैं, लेकिन इस बार एक ऐसी फरियाद सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। भिंड जिले के एक युवक ने 15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सिर्फ एक लड्डू मिलने पर नाराज होकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पंचायत सचिव के हाथ-पांव फूल गए और अब वे शिकायत वापस लेने के लिए युवक के चक्कर काट रहे हैं।
नौधा गांव का मामला
यह अजीबोगरीब घटना भिंड जिले के नौधा गांव की है। यहां 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद ग्रामीणों को लड्डू बांटे गए। इसी दौरान गांव के युवक कमलेश कुशवाहा को केवल एक लड्डू मिला। उसने मांग की कि उसे दो लड्डू दिए जाएं, लेकिन पंचायत कर्मचारी ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर कमलेश ने तुरंत सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई।
पंचायत सचिव की परेशानी बढ़ी
शिकायत दर्ज होने के बाद पंचायत सचिव रवींद्र श्रीवास्तव को जवाब तलब किया गया। सचिव ने बताया कि उन्होंने सभी ग्रामीणों को केवल एक-एक लड्डू देने का निर्देश दिया था। लेकिन अब मामला बिगड़ने पर सचिव खुद कमलेश को बाजार से लड्डू दिलाने की पेशकश कर रहे हैं ताकि वह शिकायत वापस ले ले।
चर्चा का विषय बना मामला
गांव में हुई यह अनोखी घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण मजाक में कह रहे हैं कि यह “लड्डू की लोकतांत्रिक लड़ाई” है। वहीं, पंचायत सचिव पर दबाव है कि वह कमलेश को मन भरकर लड्डू खिलाएं ताकि मामला शांत हो सके।
लोकतंत्र
में अनोखी मांग
जहां आमतौर पर हेल्पलाइन पर विकास और बुनियादी जरूरतों से जुड़ी समस्याएं दर्ज होती हैं, वहीं इस मामले ने अलग ही रंग भर दिया है। एक साधारण लड्डू को लेकर उठी यह शिकायत अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच चुकी है और पूरे प्रदेश में चर्चा का मुद्दा बन गई है।