Bhojpuri Bawal Promo: भोजपुरी मनोरंजन जगत में जल्द ही एक नया रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' दर्शकों के बीच आने वाला है। शो का प्रसारण 2 अगस्त से शुरू होगा। लॉन्च से पहले इसके लगातार रिलीज हो रहे प्रोमो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं। खास बात यह है कि इस शो में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई लोकप्रिय चेहरे एक ही मंच पर नजर आने वाले हैं। पवन सिंह, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी समेत कई सितारे दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे।
तेज प्रताप यादव का अलग अंदाज
हाल ही में सामने आए प्रोमो में तेज प्रताप यादव की एंट्री सबसे ज्यादा चर्चा में है। वीडियो में उनके स्वागत में समर्थकों जैसे नारे सुनाई देते हैं, जिसके बाद वह मंच पर पहुंचते हैं और बांसुरी बजाकर लोगों का मनोरंजन करते हैं। इसके बाद वह वहां मौजूद एक छात्र को भी बांसुरी बजाने के लिए कहते हैं। छात्र कोशिश तो करता है, लेकिन सफल नहीं हो पाता। इस पर तेज प्रताप मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं। आगे वह युवाओं से बातचीत करते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और फिट रहने के लिए योग करने की सलाह भी देते दिखाई देते हैं।
पवन सिंह की 'सोचने वाली बीमारी' बनी चर्चा
एक अन्य प्रोमो में पवन सिंह अपने साथियों के साथ बैठे नजर आते हैं। उनके चेहरे पर चिंता साफ दिखाई देती है। बातचीत के दौरान उनसे पूछा जाता है कि क्या मेडिकल रिपोर्ट ठीक आएगी। इस पर उनके साथ मौजूद लोग उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि सब कुछ सामान्य होगा। इसी बीच पवन सिंह मुस्कुराते हुए कहते हैं कि उन्हें किसी शारीरिक बीमारी से ज्यादा 'ज्यादा सोचने की आदत' परेशान करती है। उनका यह संवाद सुनकर आसपास मौजूद लोग भी हंस पड़ते हैं।
मेडिकल रिपोर्ट को लेकर हुआ मजेदार कन्फ्यूजन
वीडियो में आगे एक व्यक्ति मेडिकल रिपोर्ट लेकर पहुंचता है। रिपोर्ट देखने के दौरान एक मजेदार स्थिति बन जाती है। मेडिकल शब्द का मतलब समझने के लिए स्मार्ट स्पीकर से सवाल पूछा जाता है, लेकिन जवाब कुछ और ही मिलता है। इस पूरे घटनाक्रम से भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है। जब पवन सिंह डॉक्टर से बात करते हैं तो डॉक्टर भी यह जानकर चौंक जाते हैं कि मेडिकल रिपोर्ट समझने के लिए डिजिटल असिस्टेंट की मदद ली जा रही थी। इस मजेदार सीन ने दर्शकों को खूब हंसाया है।
यह भी पढ़ें; तेज प्रताप यादव का दिखा धांसू स्वैग, घोड़े पर सवार होकर डांस से लूटी महफिल
प्रोमो को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स '
भोजपुरी बवाल' के दोनों प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दर्शक शो के मजेदार कॉन्सेप्ट और कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अब फैंस को 2 अगस्त का इंतजार है, जब यह शो टीवी पर प्रसारित होगा।