राजधानी भोपाल में कथित लव जिहाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने अपना नाम छिपाकर एक हिंदू युवती से दोस्ती की और उसे होटल ले गया। घटना बिट्टन मार्केट क्षेत्र की है, जो थाना हबीबगंज से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। जानकारी मिलने पर स्थानीय संगठनों ने हस्तक्षेप किया और युवक-युवती को होटल से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
होटल में छिपकर हुई मुलाकात
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब युवक युवती को अपने साथ होटल लेकर आया। बताया गया कि युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती की थी। युवती मुलताई की रहने वाली है और वर्तमान में भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही है। वहीं युवक पुराने भोपाल इलाके का निवासी है और एक जिम में ट्रेनर के रूप में काम करता है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं की दखलअंदाजी
सूचना मिलते ही बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता होटल पहुंच गए। उन्होंने होटल के कमरे से युवक और युवती को बाहर निकाला और युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ की। होटल प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है कि बिना सही पहचान पत्र और जांच के किस तरह युवक-युवती को कमरे में ठहराया गया। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।