भोपाल में नवरात्रि पर्व के दौरान होने वाली दुर्गा पूजा और गरबा-डांडिया कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की है। राजधानी में बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिना आईडी वेरिफिकेशन किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयोजन समितियों को सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और विद्युत सुरक्षा जैसे कई कड़े नियमों का पालन करना होगा। इन निर्देशों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आईडी वेरिफिकेशन के बिना प्रवेश वर्जित
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को बिना पहचान पत्र (ID verification) के आयोजन स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आयोजन समितियों को गेट पर आईडी चेकिंग की व्यवस्था करनी होगी। इससे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य
सभी पूजा पंडालों और गरबा-डांडिया कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था करना भी अनिवार्य है, ताकि आगजनी जैसी किसी भी स्थिति में तुरंत बचाव किया जा सके।
विद्युत सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा
आयोजन स्थल पर बिजली की सभी व्यवस्थाएं सुरक्षित होनी चाहिए। इसके लिए विद्युत विभाग से प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था करनी होगी ताकि आपात स्थिति में तुरंत इलाज किया जा सके।
संदिग्ध वस्तुओं पर रोक
आयोजन समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कार्यक्रम स्थल पर कोई भी व्यक्ति किसी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु या घातक हथियार लेकर न आए। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं।