गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद अब मध्यप्रदेश में भी अलर्ट मोड पर कार्रवाई शुरू हो गई है। राजधानी भोपाल में एयरपोर्ट के आसपास की सुरक्षा जांची जा रही है। विमानतल के 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले मैरिज गार्डनों और ऊंची इमारतों को नोटिस थमाए जा रहे हैं। खासतौर पर उन गार्डनों पर नजर है जहां लेजर बीम (सारपी लाइट) का उपयोग किया जा रहा है, क्योंकि यह लाइट आसमान में 200 मीटर तक प्रभाव डालती है जो फ्लाइट्स की सुरक्षा में खतरनाक मानी जाती है।
एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए प्रशासन हुआ एक्टिव
भोपाल एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने सर्वे शुरू कर दिया है। टीमें मैरिज गार्डनों का निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी लेजर लाइट या ऊंची इमारतें नजर आ रही हैं, वहां नोटिस जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन का साफ कहना है कि एयरपोर्ट से 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्थानों को सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अहमदाबाद में विमान हादसे ने हिला दिया देश
12 जून को गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेक ऑफ के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा, जिससे इमारत में आग लग गई। हादसे में कुल 265 लोगों की मौत हो गई। इसमें विमान में सवार 229 यात्री, 12 क्रू मेंबर और जमीन पर मौजूद कई लोग शामिल हैं। इस हादसे में केवल एक यात्री जिंदा बच सका।
लेजर लाइट बन रही खतरा
प्रशासन को संदेह है कि शादी समारोहों में इस्तेमाल होने वाली लेजर बीम लाइटें विमानों के लिए जोखिम बन सकती हैं। ये लाइटें पायलट की विजिबिलिटी को प्रभावित कर सकती हैं और टेकऑफ या लैंडिंग के समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती हैं। इसी के मद्देनजर इनका उपयोग करने वालों को विशेष चेतावनी दी जा रही है।