Bangladeshi Citizen Arrested:मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बांग्लादेशी नागरिक अब्दुल कलाम, किन्नर बनकर 'नेहा' नाम से फर्जी दस्तावेजों के सहारे पिछले आठ वर्षों से रह रहा था। वह करीब 25 साल पहले
अवैध रूप से भारत आया था और विभिन्न शहरों में अपनी पहचान छिपाकर जीवन बिता रहा था। अब सुरक्षा एजेंसियों की नजर पड़ते ही यह मामला सामने आया है और अब्दुल (नेहा) को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
किन्नर
के भेष में रह
रहा था बांग्लादेशी अब्दुल
बताया जा रहा है कि अब्दुल महज 17 साल की उम्र में साल 2000 के आसपास बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गया था। शुरुआती वर्षों में वह मुंबई में रहा और फिर भोपाल में आकर मंगलवारा इलाके में बस गया। उसने खुद को 'नेहा' नामक किन्नर के रूप में पहचान दी और इसी नाम से आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट सहित अन्य सरकारी दस्तावेज भी तैयार करा लिए थे।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर अब्दुल
भोपाल पुलिस ने हाल ही में एक गोपनीय सूचना के आधार पर 'नेहा' को हिरासत में लिया। पूछताछ में जब सख्ती बरती गई, तो खुलासा हुआ कि वह असल में बांग्लादेश का नागरिक अब्दुल कलाम है। अब वह सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर भी है। एजेंसियां उसके कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा, चैट और संपर्कों की जांच में जुटी हुई हैं।
देश-विदेश की यात्राएं कर चुका है फर्जी दस्तावेज से
जांच में यह भी सामने आया है कि अब्दुल ने नेहा की फर्जी पहचान के सहारे न केवल देशभर में यात्रा की, बल्कि बांग्लादेश की यात्रा भी की। यह भी संभावना जताई जा रही है कि उसने अपनी फर्जी पहचान के जरिए पासपोर्ट तक हासिल कर लिया था। इस गंभीर मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कई लोगों ने की मदद, नेटवर्क का खुलासा संभव
फर्जी दस्तावेज तैयार करने में अब्दुल को अकेले मदद नहीं मिली। पुलिस को संदेह है कि दस्तावेज बनवाने में कुछ स्थानीय लोग भी शामिल रहे हैं। अब इन सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या अब्दुल किसी आपराधिक या आतंकी गतिविधि से जुड़ा रहा है। पूरे मामले की जांच अब बहुआयामी हो गई है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती
एक विदेशी नागरिक का वर्षों तक किन्नर के रूप में देश में रहना, फर्जी दस्तावेज बनाना और फिर यात्रा करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती है। यह मामला न केवल भारत की सीमा सुरक्षा बल्कि पहचान पत्र प्रणाली की कमजोरी को भी उजागर करता है। जल्द ही इस पूरे मामले में पुलिस प्रेस कांफ्रेंस कर सकती है।