BHOPAL CRIME BIKE SHOOTING : राजधानी भोपाल में रविवार सुबह चलती बाइक पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक पर तीन दोस्त मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने बीच में बैठे अपने दोस्त के सिर से पिस्टल सटाकर फायर कर दिया। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ ले गया। मामला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है।
बाइक पर जा रहे थे तीनों दोस्त
निशातपुरा पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी के रूप में हुई है। वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला था और पेंटरी का काम करता था। रविवार सुबह ताशी अपने दो दोस्तों अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली पकड़ने के लिए निकला था। बाइक तीसरा साथी चला रहा था। ताशी बीच में बैठा था, जबकि अलीम पीछे बैठा था।
पीछे बैठे दोस्त ने अचानक की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, रास्ते में अलीम ने पिस्टल निकाली और ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। फायरिंग के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। ताशी की मौत के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया। इसके बाद वह उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया।
सिंधी कॉलोनी पहुंचकर आरोपी फरार
सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद आरोपी अलीम उर्फ अल्लू फरार हो गया। उसके चंगुल से निकलने के बाद बाइक चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मौके से ताशी का शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉच्यूरी भेजा गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अलीम की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
15 दिन पहले महिला को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी और ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपी के मन में रंजिश बनी हुई थी। फिलहाल पुलिस इसी एंगल से हत्या की वजह की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।