मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में हाल ही में बना एक रेलवे ओवरब्रिज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वजह है इस पुल में बना 90 डिग्री का तीखा मोड़, जिसे देखकर लोग हैरान हैं और नाराज़ भी। जहां एक तरफ यह पुल लाखों लोगों की सुविधा के
लिए बनाया गया, वहीं दूसरी ओर इसका डिज़ाइन अब विवादों में आ गया है। स्थानीय लोग इसे यात्रियों के लिए खतरे की घंटी मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस ओवरब्रिज को लेकर मीम्स और आलोचनाओं की बाढ़ आ गई है। मामला जब तूल पकड़ने लगा तो PWD
मंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं।
18 करोड़ की लागत, 90 डिग्री का विवादित मोड़
करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बना यह रेलवे ओवरब्रिज भोपाल के ऐशबाग इलाके में बनाया गया है। इसकी कुल लंबाई 648 मीटर और चौड़ाई 8.5 मीटर है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक जाम से राहत देना और फाटक पर लगने वाले लंबे इंतजार को खत्म करना था। लेकिन ब्रिज में बने 90 डिग्री के तीखे मोड़ ने इसकी उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
इस ब्रिज का मोड़ सोशल मीडिया पर लोगों की चिंता का विषय बन गया है। यूजर्स ने कहा कि इस मोड़ पर वाहन मोड़ना मुश्किल है और यह खासकर रात के समय बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। कई लोगों ने यह भी लिखा कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद डिज़ाइन में ऐसा जोखिम क्यों लिया गया?
इंजीनियरों का तर्क—जमीन और मेट्रो स्टेशन की थी बाधा
ब्रिज डिजाइन को लेकर जब आलोचना तेज हुई तो संबंधित अधिकारियों का कहना है कि जगह की कमी और पास में बने मेट्रो स्टेशन के चलते ऐसा मोड़ देना मजबूरी थी। उनके मुताबिक, ब्रिज के निर्माण में वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं था, इसलिए यह 90 डिग्री मोड़ डिजाइन में शामिल किया गया।
मंत्री
ने कहा—गुरुवार तक
रिपोर्ट, उसके बाद कार्रवाई
PWD मंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्वीट कर जानकारी दी कि NHAI की टीम ने ब्रिज का निरीक्षण कर लिया है और गुरुवार तक रिपोर्ट आने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।