
Bhopal Cable Bridge: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को जल्द ही देश के सबसे आधुनिक और लंबे केबल ब्रिज की सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। सांसद आलोक शर्मा की पहल पर यह प्रस्ताव रखा गया था, जिसमें रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से राजा भोज एयरपोर्ट तक 17 किलोमीटर लंबा केबल ब्रिज बनाने की योजना शामिल है। इस ब्रिज के बनने से एयरपोर्ट तक पहुंचना सुगम होगा और शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
भोपाल में बनेगा देश का दूसरा सबसे लंबा केबल ब्रिज
यह ब्रिज बिहार में बन चुके सबसे लंबे केबल ब्रिज के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा केबल ब्रिज होगा। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक के सफर को जाम रहित और फास्ट ट्रैक बनाने के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद अहम माना जा रहा है। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली सड़कों पर दबाव कम होगा और यात्री सीधे केबल ब्रिज के जरिए एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
तालाब क्षेत्र में बनेगा एलिवेटेड ब्रिज, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
सांसद आलोक शर्मा ने बड़े तालाब क्षेत्र में दो किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ब्रिज की मांग भी की थी, जिसे भी गडकरी ने मंजूरी दे दी है। यह ब्रिज झील क्षेत्र की सुंदरता को बरकरार रखते हुए शहर को जाम से बचाने में सहायक होगा।
यह भी पढ़ेंःDelhi CM Rekha Gupta: पुरानी गाड़ियों पर बैन सही नहीं, फिटनेस होनी चाहिए पैमाना: सीएम रेखा गुप्ता
करोंद से बैरसिया तक बनेगा 35 किमी का फोरलेन रोड
भोपाल के करोंद से बैरसिया तक 35 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे को फोरलेन में तब्दील करने की योजना भी स्वीकृत की गई है। यह NH-146 को NH-346 से जोड़ेगा और पीएम गति शक्ति योजना के तहत इसका विकास किया जाएगा। इस फोरलेन रोड के बनने से भोपाल-सीहोर-बैरसिया रूट के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।