ROAD ACCIDENT 4 YOUTHS KILLED ---भोपाल के पास औबेदुल्लागंज-सलकनपुर रोड पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक पूरे गांव को गम में डुबो दिया। ग्राम दीवटिया में पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे।
पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा
घटना नूरगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पांचों युवक औबेदुल्लागंज से अपने गांव दीवटिया की ओर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
कार में बुरी तरह फंसे थे युवक
हादसे के बाद कार में सवार युवक अंदर फंस गए। स्थिति इतनी गंभीर थी कि शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद लेनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त कार से युवकों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चार युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर
हादसे में शुभम नागर (24), गौरव नागर (24), आशीष नागर (22) और कृष नागर (20) की मौत हो गई। चारों दीवटिया गांव के निवासी थे। शुभम मंडीदीप की एक कंपनी में काम करता था। कार चला रहा गौरव पढ़ाई करता था। आशीष कीटनाशक की दुकान पर काम करता था, जबकि कृष छात्र था।
प्रशांत का एम्स में चल रहा इलाज
हादसे में प्रशांत नागर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर भोपाल एम्स भेजा गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद नूरगंज थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही वहां शोक का माहौल बन गया।