Bhopal News: राजधानी भोपाल में एक बार फिर ड्रग्स तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार नशे का कारोबार रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। देर रात अमृतसर-सीएसटीएम एक्सप्रेस की एसी बोगी से एक युगांडा की महिला के पास से करोड़ों रुपए कीमत की क्रिस्टल मेथ बरामद हुई। पुलिस और एजेंसी की संयुक्त कार्रवाई में लगभग 4 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की गई है। यह मामला भोपाल में पिछले 15 दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आया है।
AC कोच में चल रहा था नशे का धंधा
पकड़ी गई महिला की पहचान नाबायुंगा जरिया नाम की युगांडा की नागरिक के रूप में हुई है। वह दिल्ली से मुंबई की ओर सफर कर रही थी और ट्रेन के एसी कोच में लो-प्रोफाइल तरीके से यात्रा कर रही थी। जैसे ही ट्रेन भोपाल स्टेशन पर रुकी, पहले से मौजूद पुलिस और एजेंसी की टीम ने महिला के सामान की तलाशी ली। बैग से क्रिस्टल मेथ बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 4 करोड़ रुपए आंकी गई है।
15 दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई
भोपाल में ड्रग्स नेटवर्क लगातार पकड़ में आ रहा है। महज 15 दिनों में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले जगदीशपुर इलाके से करीब 92 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त की गई थी और एक फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ हुआ था। अब रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई से साफ है कि राजधानी ड्रग्स तस्करों के लिए नया हब बनती जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय गिरोह का अंदेशा
महिला के पास से कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिला है। इससे यह शक और गहरा हो गया है कि इसके पीछे एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि महिला किस नेटवर्क से जुड़ी है और ड्रग्स की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।