Bhopal Accident: भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में देर रात हसनाबाद गांव के पास दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने टक्कर में दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सभी मृतक शिवपुर जिले के रहने वाले थे और भोपाल में एक निजी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी मौत का सबब
राजधानी भोपाल में सड़क सुरक्षा अभियानों के बावजूद हादसों पर लगाम नहीं लग रही है। शनिवार देर रात इसी लापरवाही का बड़ा उदाहरण बैरसिया इलाके के हसनाबाद गांव के पास देखने को मिला, जहां दो कारों की जोरदार टक्कर ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। बताया गया कि अर्टिगा और XUV 300 कारें हाई स्पीड में थीं और आमने-सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार में बैठे सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान खालिद, अनीस, साजिद और नवेद के रूप में हुई है। वहीं, सचिन नाम का युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे बैरसिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी कार का ड्राइवर भी घायल हुआ है और उसे इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक सभी मृतक शिवपुर जिले के रहने वाले थे और भोपाल में एक निजी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में हसनाबाद के पास उनकी कार सामने से आ रही XUV से टकरा गई। दुर्घटना के बाद बैरसिया पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और मामले की जांच जारी है।
परिवारों में मातम, जांच शुरू
चार युवकों की एक साथ मौत से उनके गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ या किसी अन्य लापरवाही के कारण।