भोपाल गैस त्रासदी की भयावह यादों को सहेजने और पीड़ितों को स्थायी सम्मान देने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार एक ऐतिहासिक पहल करने जा रही है। 1984 की इस त्रासदी में जान गंवाने वाले हजारों लोगों की स्मृति में यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर में एक भव्य स्मारक बनाया जाएगा। यह स्मारक हिरोशिमा और नागासाकी की तर्ज पर विकसित होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को त्रासदी के सबक बताएगा।
यूनियन कार्बाइड परिसर में बनेगा स्मृति का केंद्र
सरकार की योजना के अनुसार, यह स्मारक भोपाल के आरिफ नगर स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर में स्थापित किया जाएगा। यह वही स्थान है, जहां से 1984 की रात जहरीली गैस का रिसाव हुआ था। हाईकोर्ट के मार्गदर्शन में परिसर की सफाई पूरी होने के बाद अब इस जगह को स्मृति और चेतना के केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
90 एकड़ में होगा स्मारक का भव्य स्वरूप
यह स्मारक लगभग 90 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें त्रासदी की भयावहता को दर्शाने वाले विशेष सेक्शन बनाए जाएंगे। पीड़ितों के नामों की दीवार, हादसे से जुड़े दस्तावेजों का संग्रहालय, मूल फैक्ट्री संरचनाओं को संरक्षित रूप में रखा जाएगा, ताकि लोग उस समय की सच्चाई को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।
संग्रहालय, कला और आपदा जागरूकता संस्थान
स्मारक परिसर में विभिन्न कलाकृतियां, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां और एक विशेष संग्रहालय होगा, जिसमें गैस त्रासदी से जुड़ा पूरा इतिहास संजोया जाएगा। इसके साथ ही औद्योगिक आपदाओं की रोकथाम और प्रबंधन पर केंद्रित एक विशेष संस्थान भी बनाया जाएगा, जो शोध और जागरूकता का केंद्र बनेगा।
1200 करोड़ की लागत, विशेषज्ञों की देखरेख में होगा निर्माण
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 1200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। स्मारक का मास्टर प्लान एक समिति और विशेषज्ञ एजेंसी के सहयोग से तैयार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि यह दिखाना भी है कि कैसे भोपाल ने इस गहरे घाव के बाद खुद को संभाला और एक आधुनिक शहर के रूप में आगे बढ़ा।
1984 की वह रात, जो आज भी जिंदा है
2 और 3 दिसंबर 1984 की रात मिथाइल आइसोसाइनेट गैस के रिसाव ने भोपाल को झकझोर कर रख दिया था। हजारों लोगों की जान गई और लाखों लोग प्रभावित हुए। चार दशक बीत जाने के बावजूद यह त्रासदी भोपाल की स्मृतियों में आज भी जीवित है। प्रस्तावित स्मारक उसी दर्द, संघर्ष और सीख को स्थायी रूप देने का प्रयास होगा।