राजधानी दिल्ली और भोपाल में आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक युवक भोपाल का रहने वाला है जो सीए की तैयारी कर रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हुए थे और दिल्ली में किसी बड़े धमाके की साजिश रच रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि दोनों फिदायीन हमले की ट्रेनिंग ले रहे थे और दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
भोपाल से पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी
सूत्रों के मुताबिक, भोपाल के करोंद इलाके से गिरफ्तार आरोपी का नाम अदनान बताया गया है, जो कुछ समय पहले अपने परिवार के साथ वहां शिफ्ट हुआ था। वह आईएसआईएस के समर्थक व्हाट्सएप ग्रुप में सक्रिय था और लगातार संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। गिरफ्तार युवक अकाउंटेंसी की पढ़ाई के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिए आतंकी संगठनों से संपर्क बनाए हुए था।
दिल्ली में साथी संग रची थी धमाके की साजिश
दिल्ली में पकड़े गए उसके साथी से पूछताछ में भोपाल में बैठे इस आरोपी का पता चला। दोनों मिलकर दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजारों में आईईडी धमाका करने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, वे दोनों फिदायीन हमले की ट्रेनिंग ले रहे थे और अपने नेटवर्क का विस्तार करने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।