भोपाल के लालघाटी क्षेत्र में स्थित भोज इन रेस्टोरेंट में रविवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी
लालघाटी इलाके के एलर कॉम्प्लेक्स में स्थित भोज इन रेस्टोरेंट से रविवार सुबह अचानक काला धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सामान्य किचन का धुआं है, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद आसपास के लोगों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और प्रशासन को सूचना दी।
कई रेस्टोरेंट और दुकानों वाला है कॉम्प्लेक्स
जिस इमारत में आग लगी, वह तीन मंजिला व्यावसायिक भवन है। इस कॉम्प्लेक्स में कई रेस्टोरेंट और दुकानें संचालित होती हैं। बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर भी व्यावसायिक गतिविधियां चलती हैं। आग भोज इन रेस्टोरेंट के हिस्से में लगी, जिससे वहां रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि आग अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं पहुंच सकी।
दमकल की आठ गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न इलाकों से फायर ब्रिगेड की आठ दमकलें और तीन पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों को इमारत के कुछ हिस्सों की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। करीब एक घंटे तक लगातार चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
आग की चपेट में आने से रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर, किचन उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जल गई। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
जनहानि नहीं, जांच में जुटा प्रशासन
घटना के समय रेस्टोरेंट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत विभिन्न संभावित कारणों पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।