MP Police : राजधानी में पुलिसिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव, अब हर जवान की वर्दी पर रहेगा बॉडी कैमरा, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी-भोपाल पुलिस अब हाई-टेक बनने जा रही है। राजधानी में पुलिस प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है जिसके तहत थानों और गश्ती टीमों में तैनात पुलिस जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरा लगाया जाएगा। यह कैमरे हर कार्रवाई को रिकॉर्ड करेंगे। डीएसपी के साले उदित गायकी की मौत के बाद पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। शुरुआत में 200 कैमरे मंगाए गए हैं जिन्हें रात में गश्त करने वाले जवानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
हर कार्रवाई कैमरे में होगी कैद
जानकारी के अनुसार, बॉडी कैमरे जवानों की वर्दी की जेब या कंधे पर लगाए जाएंगे। यह उपकरण ऑडियो और वीडियो दोनों रिकॉर्ड करेगा। जैसे ही पुलिस किसी कार्रवाई में शामिल होगी, कैमरा स्वतः चालू हो जाएगा। रिकॉर्डिंग सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी, जिससे हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सकेगी। इस व्यवस्था से जांच के दौरान सबूत जुटाना आसान होगा और पुलिस की कार्यवाही पर उठने वाले सवालों का समाधान भी मिलेगा।
कंट्रोल रूम से होगी सीधी मॉनिटरिंग
कंट्रोल रूम में विशेष टीम बनाई जाएगी जो सभी कैमरों की लाइव फीड मॉनिटर करेगी। किसी भी घटना के समय मौके की स्थिति रियल टाइम में देखी जा सकेगी। इससे पुलिसिंग सिस्टम और अधिक जवाबदेह बनेगा। साथ ही वरिष्ठ अधिकारी किसी भी विवाद या शिकायत के मामले में फुटेज देखकर निष्पक्ष निर्णय ले सकेंगे।
पुलिसिंग में पारदर्शिता और भरोसा
इस फैसले का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच भरोसे को मजबूत करना है। हाल के घटनाक्रमों में पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। हर थाने और विशेष इकाई में यह सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके लिए पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरा और रिकॉर्डिंग डिवाइस ऑपरेट करने की विशेष ट्रेनिंग भी दी जाएगी।