भोपाल न्यूज: राजधानी भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए एयरपोर्ट डायरेक्टर को भेजी गई, जिसमें दावा किया गया कि परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं। मेल मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धमकी भरे ईमेल ने उड़ाई सुरक्षा एजेंसियों की नींद
राजा भोज एयरपोर्ट डायरेक्टर को भेजे गए ईमेल में लिखा गया था कि एयरपोर्ट में विस्फोटक लगाए गए हैं और किसी भी वक्त धमाका हो सकता है। इस सूचना से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने की गहन तलाशी
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को एयरपोर्ट भेजा गया। टर्मिनल, बैगेज एरिया और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
पहले
भी मिल चुकी हैं
फर्जी धमकियां
यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते कुछ महीनों में यह चौथी बार है जब भोपाल में किसी प्रतिष्ठान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले निजी स्कूल और लैब को भी इस तरह की मेल मिल चुकी हैं जो फर्जी साबित हुई थीं।
साइबर सेल जांच में जुटी, साजिश या शरारत?
साइबर टीम इस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि भेजने वाले की पहचान हो सके। खुफिया एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं। हाल ही में देश के अन्य एयरपोर्ट्स को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।