राजधानी भोपाल में दशहरा उत्सव से पहले ही एक अजीबोगरीब घटना ने सभी को चौंका दिया। बाग मुगालिया इलाके में जहां शाम को रावण दहन का कार्यक्रम होना था, वहां सुबह ही कुछ युवक-युवती नशे की हालत में पहुंचे और रावण के विशाल पुतले को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते पुतला पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे आयोजन समिति और स्थानीय लोग हैरान हैं।
तय समय से पहले जला दिया पुतला
बाग मुगालिया में दशहरे की तैयारियां जोरों पर थीं। आयोजकों ने शाम को बड़े स्तर पर रावण दहन का कार्यक्रम तय किया था। लेकिन सुबह करीब 6 बजे कार से पहुंचे युवक-युवती ने अचानक रावण पुतले में आग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला और पुतला जलकर राख हो गया।
नशे में थे आरोपी
आंखोंदेखी गवाहों के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले युवक-युवती नशे की हालत में थे। आग लगाने के बाद दोनों कार में बैठकर तुरंत ही मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों ने हंसी-मजाक करते हुए इस हरकत को अंजाम दिया।
पुलिस को दी गई सूचना
स्थानीय समिति के सदस्यों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। हालांकि तब तक रावण का विशाल पुतला पूरी तरह से जल चुका था। इस घटना ने दशहरा उत्सव की तैयारियों पर पानी फेर दिया और लोगों में आक्रोश फैल गया।
वायरल हुआ वीडियो
स्थानीय लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी है।