BHOPAL RTO MURDER : भोपाल की RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या के मामले में आरोपी पवन द्विवेदी को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पवन मूल रूप से सीधी जिले के भनवारी गांव का रहने वाला था और करीब सात साल से भोपाल में रह रहा था। परिवार के मुताबिक, उसने करीब 15 साल दक्षिण अफ्रीका में नौकरी की थी। पुलिस के अनुसार, मीनाक्षी और पवन एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और रिश्ते में तनाव के बाद विवाद बढ़ा था।
पढ़ाई के दौरान हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, मीनाक्षी और पवन की पहचान इंदौर में पढ़ाई के दौरान हुई थी। उस समय पवन कोचिंग क्लास चलाता था, जबकि मीनाक्षी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। दोनों के बीच रिश्ते की बात सामने आई और शादी की इच्छा भी थी। हालांकि, परिवार की सहमति नहीं मिलने की बात बताई गई है। बाद में मीनाक्षी ने दूसरे युवक से शादी की थी।
तलाक के बाद फिर बढ़ी नजदीकी
जानकारी के मुताबिक, मीनाक्षी की करीब डेढ़ साल पहले अपने पति से तलाक हो गया था। इसके बाद भी पवन उससे शादी करना चाहता था। इसी दौरान मीनाक्षी के इंदौर शिफ्ट होने की बात को लेकर पवन के नाराज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में रिश्ते से जुड़े पुराने विवाद और दोनों के बीच हुए मतभेदों को भी देखा जा रहा है।
सुबह सहेली ने देखा मीनाक्षी का शव
डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला के मुताबिक, मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे दतिया से अपनी सहेली कृतिका और तीन साल की बेटी के साथ भोपाल पहुंची थीं। रात में कृतिका और बच्ची घर के अंदर वाले कमरे में सो गईं, जबकि मीनाक्षी बाहर वाले कमरे में थीं। सुबह करीब 7 बजे कृतिका की नींद खुली तो उसने मीनाक्षी को मृत हालत में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सीधी का रहने वाला था पवन
आरोपी पवन द्विवेदी सीधी जिले के भनवारी गांव का रहने वाला था। परिवार में वह चार बहनों और छह भाइयों में सबसे छोटा बताया गया है। उसके पिता दीनबंधुराम द्विवेदी का पिछले साल फरवरी में निधन हुआ था, जबकि मां की नवंबर में मौत हुई। परिवार के अनुसार पवन की शादी नहीं हुई थी और उसकी शादी को लेकर घर में बातचीत चल रही थी।
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थीं मीनाक्षी
मीनाक्षी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती थीं। वह अपनी तीन साल की बेटी के साथ फोटो और रील्स पोस्ट करती थीं। वर्दी में बनाई गई उनकी कई रील्स भी सोशल मीडिया पर मौजूद थीं। इन पोस्ट्स के आधार पर उनके जीवन से जुड़े कुछ पहलुओं को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल हत्याकांड की परिस्थितियों और आरोपी से जुड़े पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है।