भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने शहर को हिला दिया। स्नूकर क्लब के अंदर 10वीं के छात्र पर दो नाबालिगों ने महज 30 सेकेंड में 27 बार चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र की दो उंगलियां कट गईं और शरीर पर कई गहरे घाव आए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है।
स्नूकर क्लब में फिल्मी अंदाज में हमला
घटना गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दो नाबालिग आरोपी अचानक क्लब में घुसे और सीधे छात्र पर टूट पड़े। देखते ही देखते उन्होंने ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए।
30 सेकेंड में 27 बार चाकू से वार
हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सिर्फ आधे मिनट में 27 बार चाकू घोंपा गया। छात्र के हाथ पर 1जा0 से ज्यादा गहरे जख्म मिले हैं। उसकी दो उंगलियां कट गईं, जबकि कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र का इलाज जारी है।
‘थप्पड़’ से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़ित एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे। कुछ दिन पहले किसी बात पर विवाद हुआ था, जिसमें छात्र ने एक आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
22 फरवरी को घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में छात्र खुद को बचाने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन दोनों आरोपी उसे घेरकर लगातार वार करते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की धाराएं
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सख्त धाराएं जोड़ने की बात कही है। आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था और किशोर अपराध को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।