भोपाल शहर में बरसात के मौसम में स्ट्रीट डॉग्स के व्यवहार में आक्रामकता देखी जा रही है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें आवारा कुत्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। निगम का कहना है कि यह उनका ब्रीडिंग सीजन है, ऐसे में ये अधिक संवेदनशील और हिंसक हो सकते हैं।
बरसात में बढ़ती है आक्रामकता
नगर निगम के अनुसार बरसात के दौरान कुत्तों की त्वचा में खुजली, कीड़े और नमी से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह समय उनकी प्रजनन क्रिया का भी होता है, जिस कारण वे ज्यादा उत्तेजित हो जाते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति को देखकर वे हमला कर सकते हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे विशेष रूप से बच्चों को सतर्क करें और आवारा कुत्तों से छेड़छाड़ न करें।
झुंड में रहते हैं और हमला कर सकते हैं
ब्रीडिंग सीजन के कारण कुत्ते अधिकतर झुंड में देखे जा रहे हैं। यदि कोई कुत्ता वाहन के नीचे या किसी डॉग शेड में बैठा है, तो उसे जबरदस्ती हटाने का प्रयास न करें। ऐसा करने पर वे हमला कर सकते हैं। लोगों को ऐसी स्थितियों में धैर्य और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पशु प्रेमियों को भी सुझाव
जो लोग नियमित रूप से स्ट्रीट डॉग्स को भोजन देते हैं, उनसे आग्रह किया गया है कि वे भीड़-भाड़ से दूर किसी शांत स्थान पर ही खाना रखें। इसके अलावा नगर निगम ने पालतू जानवरों को अपनाने की मुहिम में हिस्सा लेने की अपील की है और कहा है कि लोग पेट एडॉप्शन कर निगम में उनका पंजीकरण करवाएं ताकि बेहतर देखभाल हो सके।
शिकायत और इलाज की सुविधा उपलब्ध
अगर किसी क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग्स की संख्या या उनका व्यवहार डरावना हो तो नागरिक नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 155304 पर संपर्क कर सकते हैं। डॉग बाइट की स्थिति में घाव को तुरंत कार्बनिक साबुन और पानी से धोने, फिर एंटीसेप्टिक लगाने और अस्पताल जाकर एंटी रेबीज टीका लगवाने की सलाह दी गई है। भोपाल के प्रमुख अस्पतालों में इस टीके की निशुल्क सुविधा उपलब्ध है।