
Bhopal Industrial Hub : भोपाल मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अब सिर्फ प्रशासनिक या शैक्षणिक केंद्र नहीं बल्कि औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र भी बनने जा रहा है। अचारपुरा क्षेत्र में टेक्सटाइल और फार्मा सेक्टर के लिए औद्योगिक हब का निर्माण शुरू हो चुका है, जहां करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इस निवेश से 1500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इसमें देश की कुछ प्रमुख कंपनियां भागीदारी कर रही हैं, जो आने वाले समय में इस क्षेत्र को पीथमपुर और मंडीदीप की तर्ज पर विकसित करेंगी।
औद्योगिक विकास में लगेगा नया पंख
राज्य सरकार की पहल पर भोपाल के अचारपुरा में 31.21 हेक्टेयर क्षेत्र में इंडस्ट्रियल हब तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य न केवल निवेश को आकर्षित करना है बल्कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन भी करना है। आने वाले समय में यहां इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और टेक्सटाइल की यूनिट्स स्थापित की जाएंगी।
इन कंपनियों ने किया बड़ा निवेश
इस औद्योगिक क्षेत्र में इंडो एकॉर्ड अप्पैरल्स 125 करोड़ रुपये निवेश कर 500 नौकरियां देगी। एसेड्स प्राइवेट लिमिटेड 106 करोड़ के निवेश से 100 लोगों को रोजगार देगी। वहीं सिनाई हेल्थकेयर 100 करोड़ के निवेश से 200 युवाओं को नौकरी देगी। समर्थ एग्रीटेक 50 करोड़ के निवेश से 200 लोगों को रोजगार देगी और गोकलदास एक्सपोर्ट्स 25 करोड़ के निवेश से 500 नौकरियां सृजित करेगी।
सीएम यादव ने किया भूमि पूजन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इन पांच प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के भूमि पूजन के दौरान कहा कि आने वाले सालों में भोपाल प्रदेश की आर्थिक राजधानी बन सकता है। यहां पर 800 करोड़ रुपये तक के निवेश की संभावना जताई गई है।
अचारपुरा बनेगा नया पीथमपुर
सरकार का लक्ष्य है कि अचारपुरा को धार के पीथमपुर और रायसेन के मंडीदीप की तरह विकसित किया जाए। इस क्षेत्र में रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे और राजधानी के युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार के मौके मिल सकेंगे।