Twisha Death Case: भोपाल में नोएडा निवासी 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब राजनीतिक और कानूनी स्तर पर गंभीर रूप लेता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने इस मामले की सीबीआई से कराने की मांग उठाई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की है।
स्थानीय जांच पर उठे सवाल
विवेक तन्खा ने अपने पत्र में कहा कि 12 मई 2026 को भोपाल स्थित ससुराल में हुई ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में जांच प्रक्रिया को लेकर मृतका के परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को अब स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भरोसा नहीं रह गया है। इसी कारण मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग लगातार बढ़ रही है।
परिवार ने जताई निष्पक्ष जांच की जरूरत
सांसद ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि ट्विशा शर्मा का परिवार नोएडा का रहने वाला है और उन्होंने जांच में कई तरह की चूक के आरोप लगाए हैं। मृतका का पति भोपाल कोर्ट में वकालत करता है, जबकि उसकी मां भोपाल कोर्ट की सेवानिवृत्त प्रधान जिला न्यायाधीश रह चुकी हैं। ऐसे में मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की आवश्यकता बताई गई है, ताकि न्याय प्रक्रिया पर लोगों का विश्वास बना रहे।
यह भी देखेंःRahul Gandhi attacks PM Modi: देश संकट में और PM रील बना रहे’, मेलोनी को Melody गिफ्ट पर राहुल गांधी का हमला
आठ दिन बाद भी नहीं हुआ अंतिम संस्कार
मामले में एक और गंभीर पहलू यह सामने आया है कि घटना के आठ दिन बाद भी मृतका के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है। परिवार का कहना है कि उन्हें जांच पर भरोसा नहीं है और वे पहले सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं। विवेक तन्खा ने चेतावनी दी कि समय बीतने के साथ साक्ष्यों के प्रभावित या नष्ट होने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है।
महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने भोपाल में हुई इस संदिग्ध मौत को लेकर संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई प्रतिवेदन (ATR) मांगा है। वहीं, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है और अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है।