मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गौतम नगर इलाके में रहने वाले तीसरी कक्षा के छात्र की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। बच्चा घर की बालकनी में खून से लथपथ हालत में मिला था। देर रात अस्पताल ले जाए जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इस रहस्यमय मामले ने इलाके में दहशत फैला दी है।
बालकनी में बेसुध मिला छात्र
घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जब परिजनों ने 12 वर्षीय इब्राहिम को घर की बालकनी में अचेत अवस्था में देखा। उसके सिर से लगातार खून बह रहा था। घबराए परिवारजन तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे भर्ती किया। कई घंटे चले इलाज के बाद भी बच्चे को नहीं बचाया जा सका।
अस्पताल में तोड़ा दम, मर्ग कायम
परिजन रात करीब 1.50 बजे छात्र को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन सुबह लगभग 11 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है।
एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घर और आसपास के क्षेत्र से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। बालकनी, कमरे और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली कहां से चली और किस हथियार का इस्तेमाल किया गया।
घर के बाहर रात तक युवकों की आवाजाही
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चे के घर के बाहर देर रात तक कई युवकों का आना-जाना रहता था। बताया जा रहा है कि वे बच्चे के पिता से मिलने आते थे, जो बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस घटना का संबंध किसी बाहरी व्यक्ति से तो नहीं है।
हर एंगल से जांच, इलाके में दहशत
घटना के बाद गौतम नगर इलाके में भय और बेचैनी का माहौल है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि एक मासूम बच्चे को घर के भीतर गोली कैसे लग गई। पुलिस अब परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।