Bhuvneshwar Kumar : यूपी टी20 लीग 2026 के पहले क्वालिफायर में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग का ऐसा जादू दिखाया कि मेरठ मावेरिक्स की पूरी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भुवनेश्वर ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट झटके और अपनी टीम लखनऊ फाल्कन्स को 47 रन की बड़ी जीत दिलाई।
पहले ओवर से ही दबाव
146 रन के लक्ष्य का बचाव करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स को भुवनेश्वर ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर ऋतुराज शर्मा को आउट कर दिया। इसके बाद लगातार विकेट लेकर मेरठ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। शुरुआती 5 ओवर में मेरठ की टीम केवल 16 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी।
रिंकू सिंह की कोशिश नाकाम
कप्तान रिंकू सिंह ने एक छोर संभालने की कोशिश की और 40 गेंदों में 34 रन बनाए, लेकिन दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। मेरठ मावेरिक्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 98 रन ही बना सकी। लखनऊ फाल्कन्स ने यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
फाइनल का टिकट पक्का
इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने सीधे 6 सितंबर को होने वाले फाइनल में जगह बना ली है। भुवनेश्वर कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैच का सबसे बड़ा हीरो माना जा रहा है। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग के सामने मेरठ के बल्लेबाज टिक ही नहीं पाए।
टीम इंडिया की दावेदारी मजबूत
36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार भले ही लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हों, लेकिन उनका प्रदर्शन लगातार चर्चा में है। यूपी टी20 लीग 2026 में उन्होंने 10 पारियों में 13 विकेट हासिल किए हैं और उनकी इकॉनमी 5.88 रही है, जो टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ आंकड़ों में शामिल है।
इसे भी पढ़ें : 10 साल तक उम्र छिपाकर खेलते रहे खिलाड़ी? U19 वर्ल्ड कप विजेता समेत 65 क्रिकेटरों पर बड़ी कार्रवाई
लगातार दिखा रहे दम
भुवनेश्वर का शानदार फॉर्म सिर्फ यूपी टी20 लीग तक सीमित नहीं है। आईपीएल 2026 में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 विकेट लिए थे। ऐसे में एक बार फिर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अनुभवी स्विंग गेंदबाज भविष्य में टीम इंडिया के दरवाजे पर दोबारा दस्तक दे सकते हैं।