प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का दौरा किया। इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज और पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। इसी कार्यक्रम में घोषणा की गई कि इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की टी20 लीग बिग बैश लीग का शुरुआती मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में आयोजित होगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल साझेदारी मजबूत
बैठक के दौरान दोनों देशों ने खेल के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। क्रिकेट के अलावा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, तकनीक, खेल ढांचे के विकास और अनुभव साझा करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही 2032 ब्रिस्बेन ओलंपिक और भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी को लेकर भी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
एमसीजी में क्या बोले पीएम मोदी
एमसीजी में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह मैदान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के साझा जुनून का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों को क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से जोड़ने वाला माध्यम मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन मुकाबले का नहीं, बल्कि दोस्ती और खेल सहयोग को नई ऊंचाई देने का है।
लॉन्च हुआ नया स्पोर्ट्स रोडमैप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने संयुक्त रूप से इंडिया-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप भी लॉन्च किया। इसके तहत क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में भी साझेदारी बढ़ाई जाएगी। दोनों देशों के बीच खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, तकनीक और युवा खिलाड़ियों के विकास पर मिलकर काम करने की योजना बनाई गई है।
इसे भी पढ़ें : Shreyas की कप्तानी पर सवाल, बना अनचाहा रिकॉर्ड, रोहित-पांड्या सब छूट गए पीछे ?
चेन्नई बनेगा ऐतिहासिक मेजबान
चेन्नई में बिग बैश लीग का मुकाबला आयोजित होने से भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को पहली बार किसी विदेशी फ्रेंचाइजी लीग का आधिकारिक मैच अपने देश में देखने का मौका मिलेगा। इस आयोजन को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों के नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच खेल सहयोग और भी मजबूत होगा।